CJP के प्रदर्शन से दूर रहें छात्र, जेएनयू और डीयू ने जारी की सख्त एडवाइजरी

Sandesh Wahak Digital Desk: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले नीट पेपर लीक मामले को लेकर जारी छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बीच राजधानी के दो बड़े विश्वविद्यालयों ने सख्त कदम उठाया है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) और दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने अपने-अपने छात्रों और संकाय (फैकल्टी) सदस्यों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए निर्देश दिया है कि वे जंतर-मंतर या उसके आसपास आयोजित होने वाले किसी भी विरोध प्रदर्शन या सभा का हिस्सा न बनें। दोनों संस्थानों ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने पर कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जेएनयू ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी कर कहा, जेएनयू समुदाय के सभी सदस्यों को सलाह दी जाती है कि वे व्यक्तिगत सुरक्षा को प्राथमिकता दें और जिम्मेदार नागरिकता का परिचय दें। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में होने वाले सार्वजनिक प्रदर्शनों व सभाओं से पूरी तरह दूर रहें। इसके साथ ही जेएनयू ने छात्रों को सोशल मीडिया पर संयम बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि आचार संहिता और कानूनों का उल्लंघन करने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ाई और कॅरियर पर पड़ सकता है बुरा असर

इससे पहले दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने भी छात्रों की सुरक्षा और भविष्य का हवाला देते हुए एडवाइजरी जारी की थी। डीयू प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर पर किसी भी तरह के गैर-कानूनी जमावड़े में शामिल होने से छात्रों की निजी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है, जिससे उनके करियर और शैक्षणिक प्रगति पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। डीयू ने छात्रों को आगाह करते हुए यह भी कहा कि इस वक्त स्थिति को भड़काने के लिए भारी मात्रा में भ्रामक और फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं। इसलिए छात्र अफवाहों से बचें, सुरक्षा को प्राथमिकता दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Also Read: 10 साल जेल, 1 करोड़ तक जुर्माना, पेपर लीक और नकलचियों पर मोदी सरकार कसने जा रही शिकंजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.