धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों की जीत, अजय राय बोले- राहुल गांधी के संघर्ष का असर
Ajay Rai: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने इसे छात्रों, युवाओं और कांग्रेस के लंबे आंदोलन की जीत बताया। शनिवार को NEET परीक्षा से जुड़े कई अभ्यर्थी लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और अजय राय से मुलाकात कर उनका आभार जताया।
अजय राय ने छात्रों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। उनके अनुसार धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों के लोकतांत्रिक संघर्ष और कांग्रेस के लगातार आंदोलन का परिणाम है।
राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं का किया जिक्र
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस सांसद लगातार छात्रों की मांगों के समर्थन में आवाज उठाते रहे। उन्होंने दावा किया कि पार्टी नेताओं ने आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का भी सामना किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन, आंसू गैस और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी घायल हुए।
सिर्फ इस्तीफा नहीं, निष्पक्ष जांच की भी मांग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केवल शिक्षा मंत्री का इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री से छात्रों और युवाओं से सार्वजनिक माफी मांगने की भी अपील की।
अजय राय ने कहा कि जब तक छात्रों की सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, कांग्रेस उनका समर्थन जारी रखेगी और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
Also Read: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर मायावती की प्रतिक्रिया, बोलीं- पहले ही ले लिया जाता तो बेहतर होता

