PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी मामले में नोएडा पुलिस ने युवती पर दर्ज की FIR

Noida News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाली युवती के खिलाफ नोएडा पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह मामला उस वीडियो के वायरल होने के बाद सामने आया, जिसमें युवती कैमरे के सामने आपत्तिजनक टिप्पणी करती नजर आ रही थी।

जानकारी के मुताबिक, यह प्रदर्शन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बैनर तले आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया था। प्रदर्शन के दौरान कई युवाओं ने व्यंग्यात्मक पोस्टर और नारे लगाए थे। इसी बीच एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया।

अधिवक्ता की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी मामले में गाजियाबाद के वसुंधरा निवासी अधिवक्ता स्मृति सिंह ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को उन्हें इस वीडियो की जानकारी मिली। शिकायत में आरोप लगाया गया कि युवती ने सार्वजनिक रूप से संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया और इससे लोक शांति प्रभावित हो सकती है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, युवती की पहचान नोएडा के सेक्टर-168 स्थित लोट्स जिंग सोसाइटी निवासी रुचिका सिंह के रूप में हुई है।

परिवार के साथ फरार, दिल्ली पुलिस करेगी जांच

नोएडा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352, 353(1) और 356(1) के तहत शून्य अपराध संख्या पर मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद केस को दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है। अब मामले की जांच दिल्ली पुलिस करेगी।

पुलिस के अनुसार, रुचिका सिंह मूल रूप से फरीदाबाद के ऊंचागांव की रहने वाली हैं और ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। उन्होंने इसी साल जनवरी में नोएडा में फ्लैट खरीदा था। घटना के बाद से युवती और उसके परिजन घर से गायब बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

Also Read:‘गोमूत्र एक्सपर्ट’ टिप्पणी पर घिरीं प्रियंका गांधी, 215+ VC-पूर्व कुलपतियों ने लिखा खुला पत्र 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.