छात्रों के आंदोलन के सामने सरकार को झुकना पड़ा, अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। बदायूं के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि छात्र-नौजवानों की ताकत के सामने भाजपा की अहंकारी सरकार को झुकना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री को बचाने के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया और इसके बाद भाजपा सांसदों ने राहत की सांस ली।

मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि दिल्ली में छात्रों और युवाओं पर हुई कार्रवाई को लेकर सरकार संसद में जवाब दे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, पैलेट गन और कील लगी लाठियों का इस्तेमाल किया गया।

पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर लगाए आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद 20 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं। सरकार ने परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 26 हजार से ज्यादा स्कूल बंद किए गए और लाखों नौकरियां खत्म कर दी गईं। अखिलेश ने कहा कि सरकार गरीब छात्रों को शिक्षा से दूर करने का काम कर रही है।

संत रविदास और डॉ. अंबेडकर के विचारों पर भी बोले

सपा प्रमुख ने भाजपा पर संत रविदास और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को नहीं मानने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग उनके सिद्धांतों पर नहीं चलते हैं।

बदायूं पहुंचने पर अखिलेश यादव ने पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव के निधन पर शोक जताया और उनके परिवार से मुलाकात कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि ओमकार सिंह यादव ने संघर्ष के जरिए राजनीति में पहचान बनाई और समाजवादी सिद्धांतों को मजबूत किया।

Also Read: लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन, फीस वृद्धि और निष्कासन के खिलाफ सपा छात्र सभा का हल्लाबोल 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.