Haridwar: मातम में बदली कांवड़ यात्रा, गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ के 4 कांवड़ियों की मौत

Haridwar News: कांवड़ यात्रा के बीच हरिद्वार से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाने उतरे चंडीगढ़ के चार कांवड़ियों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर पहुंची जल पुलिस व एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

काफी देर तक चले अभियान के बाद चारों युवकों को गंगनहर से बाहर निकाला गया, लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम जटवाड़ा पुल के पास चार युवकों के गंगनहर में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद चारों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।

चंडीगढ़ से कांवड़ लेने आए थे श्रद्धालु

पुलिस ने मृतकों की पहचान इस प्रकार की है:

  • शिवांशु (16), पुत्र पवन सिंह
  • नीतेश, पुत्र राजेश
  • भरत, पुत्र हरीश

(तीनों निवासी सेक्टर-16/30, चंडीगढ़)

  • रोहित, पुत्र भवानी प्रजापति

(निवासी सेक्टर-26, चंडीगढ़)

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चारों युवक कांवड़ यात्रा के लिए Haridwar आए थे और गंगनहर में स्नान के दौरान यह हादसा हो गया।

मौके पर चला संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान में जल पुलिस और SDRF की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। गोताखोरों की मदद से चारों युवकों की तलाश की गई और उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।

Also Read: मुंबई के भिवंडी में 4 मंजिला इमारत गिरने से 8 लोगों की मौत, मलबे में दबे कई लोग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.