किसानों के बच्चों के लिए योगी सरकार का बड़ा कदम, छात्रवृत्ति योजना का बढ़ेगा दायरा

CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के मेधावी बच्चों के लिए संचालित मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ पहुंचाना है। यह निर्णय शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की 172वीं संचालक मंडल बैठक में लिया गया। बैठक में वर्ष 2026-27 के 3025.49 करोड़ रुपये के बजट सहित किसान कल्याण और मंडी व्यवस्था से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

मंडियों के आधुनिकीकरण और ई-नाम पर जोर

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की मंडियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही मंडियों में पीपीपी मॉडल के तहत कृषि प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा देने और निवेश के अनुकूल नियम बनाने को कहा।

इसके अलावा अधिक मंडियों को ई-नाम (राष्ट्रीय कृषि बाजार) से जोड़ने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और हर जिले में ऑर्गेनिक उत्पादों के प्रमाणन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

किसान सहायता योजनाओं की अवधि भी बढ़ी

बैठक में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना और मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना की अवधि 1 जुलाई 2025 से 30 जून 2030 तक बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इन योजनाओं के संचालन के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, मंडी समितियों की आय 2024-25 में 1991.33 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 2305.80 करोड़ रुपये हो गई, जो 15.79 प्रतिशत की वृद्धि है।

बजट में मंडी निर्माण, संपर्क मार्ग, ग्रामीण हाट, किसान बाजार, गोवंश आश्रय स्थल, छात्रावास और अन्य विकास कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई। साथ ही पूर्व से स्वीकृत निर्माण कार्यों को गति देने के लिए 1212.02 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

Also Read: PM-Kisan योजना 2030-31 तक बढ़ी, मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, करोड़ों किसानों को राहत 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.