PM-Kisan योजना 2030-31 तक बढ़ी, मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, करोड़ों किसानों को राहत

PM Kisan Yojana: केंद्र सरकार ने किसानों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना को 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में इस योजना के लिए 3.15 लाख करोड़ रुपये के खर्च को स्वीकृति दी गई। इसकी जानकारी केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी।

23 किस्तों में किसानों को मिला बड़ा लाभ

सरकार के अनुसार, पीएम-किसान योजना के तहत अब तक 23 किस्तों में किसानों के खातों में 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक सीधे ट्रांसफर किए जा चुके हैं। 23वीं किस्त का लाभ 9.49 करोड़ से ज्यादा किसानों को मिला था, जिसके तहत 18,984 करोड़ रुपये जारी किए गए। कोविड-19 के दौरान भी किसानों को 1.71 लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं, महिला किसानों को अब तक 1.06 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मिल चुकी है।

24वीं किस्त का इंतजार, ई-केवाईसी जरूरी

पीएम-किसान योजना की शुरुआत 2019 में हुई थी। इसके तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में डीबीटी के माध्यम से दी जाती है। फिलहाल किसान 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं, जो मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अक्टूबर में, संभवतः नवरात्रि के दौरान जारी हो सकती है। हालांकि, सरकार ने इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। योजना का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है।

कैबिनेट ने इसके साथ प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना (PM-SSY) को भी मंजूरी दी है। इस योजना के तहत अगले पांच वर्षों में 5,000 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

Also Read: IB अधिकारी अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन को उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.