‘हम भाग्यशाली हैं’, PM मोदी के संदेश पर बोले ‘रामायण’ के ‘लक्ष्मण’

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले बच्चों को माफ करने की बात कही है।

पीएम के इस संदेश पर ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने प्रतिक्रिया दी और उनके फैसले की सराहना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों इंस्टाग्राम के जरिए देश के युवाओं से संवाद कर रहे हैं।

शुक्रवार देर रात पीएम मोदी ने एक बार फिर युवाओं को संबोधित किया और जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान उनके और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

पीएम मोदी ने कहा कि वह गाली देने वाले बच्चों को माफ करना चाहते हैं और उन्हें अपनी गलतियों से सीखने का मौका मिलना चाहिए।

सुनील लहरी ने पीएम मोदी के फैसले की सराहना की

पीएम मोदी के इस संदेश के बाद ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उनकी तारीफ की।

सुनील लहरी ने कहा, “हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी का कितना बड़ा दिल है। 20 तारीख के आंदोलन में उन्हें, उनकी स्वर्गीय माता जी और देश की सेना को लेकर लोगों ने काफी आपत्तिजनक बातें कहीं, इसके बावजूद उन्होंने सभी को माफ कर दिया।”

Sunil Lahri

उन्होंने कहा कि अगर किसी और की जगह ऐसा होता तो शायद कड़ी कार्रवाई की जाती, लेकिन पीएम मोदी ने बड़ा दिल दिखाते हुए माफी का रास्ता चुना।

सुनील लहरी ने आगे कहा, “हम भाग्यशाली हैं कि हमें ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं। वह दुनिया के लिए सख्त हैं, लेकिन अपने देश और देशवासियों के लिए बेहद संवेदनशील हैं।”

उन्होंने कहा कि उनकी बात कुछ लोगों को पसंद नहीं आएगी, लेकिन वह अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने लोगों से स्वस्थ और खुश रहने की अपील करते हुए ‘जय श्रीराम’ कहा।

पीएम मोदी ने कहा- गलतियों से सीखने का मौका मिलना चाहिए

इंस्टाग्राम लाइव के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुई घटना को देश और दुनिया ने देखा। उन्होंने कहा कि कुछ बच्चों ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जो किसी भी सभ्य समाज को स्वीकार्य नहीं हो सकती।

पीएम मोदी ने कहा, “मुझे गालियां दी गईं, मेरी स्वर्गीय माता को भी गालियां दी गईं। शब्दों का इस्तेमाल बेहद भद्दा था, लेकिन मैं आज इस बारे में अलग तरीके से बात करना चाहता हूं।”

उन्होंने कहा कि बचपन में गलतियां होती हैं और बच्चों को अपनी गलतियों से सुधारने का अवसर मिलना चाहिए।

‘गुमराह बच्चों को राह दिखाना हमारा काम’

प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज में इस घटना को लेकर आक्रोश है, लेकिन जरूरत इन बच्चों को समझाने और सही रास्ता दिखाने की है।

उन्होंने कहा, “समय है इन बच्चों को गले लगाकर राह दिखाने का। ये गुमराह बच्चे हैं, इन्हें सही दिशा देना हमारा काम है।”

पीएम मोदी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने उनके माफी देने के फैसले की सराहना की, जबकि कुछ लोगों ने कानूनी कार्रवाई को लेकर अपनी राय रखी।

Also Read: शिव मंदिर में काला चश्मा पहनकर पूजा करने पर ट्रोल हुईं भूमि पेडनेकर, यूजर्स ने उठाए सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.