पंजाब पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और CBI जांच की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब में सरकारी भर्तियों में धांधली और पेपर लीक की खबरों ने सूबे की सियासत का पारा चढ़ा दिया है। राजधानी चंडीगढ़ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने भगवंत मान सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उग्र कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के तुरंत इस्तीफे की मांग की।
विपक्षी दलों ने की CBI जांच की मांग
हाल ही में हुई फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों के बाद छात्रों का यह गुस्सा फूटा है। इसके अलावा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। हालांकि, आरोपों का खंडन करते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है, बल्कि यह आधुनिक गैजेट्स के जरिए नकल का मामला है। दूसरी ओर, मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए ABVP, भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल समेत सभी प्रमुख दल इस पूरे प्रकरण की सीबीआई (CBI) जांच की मांग पर अड़े हैं।
विपक्ष का दावा है कि बीते कुछ वर्षों में कई परीक्षाओं की शुचिता भंग हुई है, जबकि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) इन आरोपों को सिरे से खारिज कर रही है। सरकार का तर्क है कि उनके शासनकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ और विपक्षी दल राजनीतिक लाभ के लिए झूठी कहानियां गढ़ रहे हैं। गौरतलब है कि 19 जुलाई को पंजाब पुलिस ने फार्मेसी अधिकारी परीक्षा में एक हाईटेक अंतरराज्यीय नकल गिरोह का भंडाफोड़ कर 11 गिरोह सदस्यों और 10 अभ्यर्थियों को दबोचा था, जिसके बाद से ही यह विवाद तूल पकड़ता जा रहा है।
Also Read: अमित शाह ने अजीत डोभाल को प्रतिष्ठित लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड से किया सम्मानित

