महाराजगंज में खेत के पास मिला तेंदुए का शव, गर्दन पर मिले दांतों के निशान
Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग में शनिवार सुबह एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना निचलौल रेंज के मिश्रौलिया गांव की है, जहां राजवंशी के गन्ने के खेत के पास चकरोड पर ग्रामीणों ने तेंदुए का शव देखा। सबसे पहले खेत की ओर जा रही महिलाओं की नजर उस पर पड़ी।
शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
गर्दन पर मिले दांत के निशान, आपसी संघर्ष की आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार रात इलाके में तेंदुओं की तेज दहाड़ें सुनाई दे रही थीं। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि दो तेंदुओं के बीच हुए संघर्ष में इस तेंदुए की मौत हुई होगी।
रेंजर सुनील राव ने बताया कि मृत तेंदुआ अभी छोटा था और उसकी उम्र करीब छह महीने से एक वर्ष के बीच रही होगी। उसकी गर्दन पर दांतों के निशान मिले हैं। वन विभाग की टीम आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटा रही है और पशु चिकित्सकों की टीम पोस्टमार्टम करेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि मृत तेंदुए की उम्र लगभग एक वर्ष प्रतीत होती है। उसके शरीर पर ऊपर और नीचे दोनों ओर गहरे दांतों के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल के आसपास बड़े नर तेंदुए के पैरों के निशान भी मिले हैं। शुरुआती जांच में किसी बड़े तेंदुए के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

