Bareilly News: दावत का न्योता न मिलने पर चलाईं गोलियां, पुलिस ने तमंचे के साथ दबोचा
Bareilly News: जनपद बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी अंतर्गत ग्राम कजरौटा में नामकरण समारोह के दौरान हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना 30 जुलाई, 2026 की है, जब गांव के ही 24 वर्षीय शेखर के घर उसकी बेटी के नामकरण का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव व खानदान के ही चमन और विक्रम पुत्रगण हरद्वारी वहां पहुंचे और दावत का न्योता न दिए जाने की बात पर हंगामा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दो राउंड फायर किए। जब ग्रामीणों ने उन्हें घेरने का प्रयास किया तो आरोपियों ने शेखर को निशाना बनाकर गोली चला दी, जो उसके बाएं पैर में जा लगी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक फतेहगंज पूर्वी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल शेखर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरीदपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 270/2026 (धारा 109, 352, 351 बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट) दर्ज किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी चमन को अवैध असलाह के साथ पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
31 जुलाई, 2026 की देर रात उप-निरीक्षक जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल दूसरा वांछित अभियुक्त विक्रम कहीं भागने की फिराक में ग्राम उचसिया से हाईवे की ओर पैदल आ रहा है। घेराबंदी करते हुए पुलिस टीम ने 25 वर्षीय विक्रम को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस की पूछताछ के दौरान अभियुक्त विक्रम पुत्र हरद्वारी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह अनपढ़ है और घर में अपनी मां व भाई के साथ रहता है। घटना की वजह पूछे जाने पर उसने बताया कि उस दिन वह अत्यधिक नशे में था और उसी अवस्था में उसने फायरिंग कर दी। आरोपी ने कहा कि उससे बड़ी गलती हो गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
Also Read: E20 के विरोध में केजरीवाल का बड़ा ऐलान, 100 समर्थकों संग PM आवास तक करेंगे मार्च

