CWG 2026: प्रीति पवार-जैस्मिन लंबोरिया ने दिलाए दो गोल्ड, 25 पहुंची भारत की पदक संख्या

Commonwealth Games 2026: ग्लास्गो में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन भारत को मुक्केबाजी में बड़ी सफलता मिली। भारतीय बॉक्सर प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में दो स्वर्ण पदक डाल दिए। इन दोनों जीत के साथ भारत की पदक संख्या और रैंकिंग में भी सुधार हुआ है।

महिला 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में प्रीति पवार ने कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मुकाबले के दौरान प्रीति ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और अंतिम राउंड में सटीक मुक्कों के दम पर जीत दर्ज की। पूरे मुकाबले में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा।

जैस्मिन ने 5-0 से जीता फाइनल

प्रीति की जीत के कुछ ही समय बाद जैस्मिन लंबोरिया ने भी भारत को दूसरा गोल्ड दिलाया। महिला 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में उन्होंने उत्तरी आयरलैंड की मौजूदा राष्ट्रमंडल चैंपियन मिकायला वॉल्श को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराया। दूसरे राउंड में जैस्मिन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा।

भारत छठे स्थान पर पहुंचा

दो स्वर्ण पदकों के बाद भारत अब पदक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गया है। 10वें दिन तक भारत के खाते में कुल 25 पदक हो चुके हैं, जिनमें 7 स्वर्ण, 10 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया अब भी 132 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।

Also Read: E20 के विरोध में केजरीवाल का बड़ा ऐलान, 100 समर्थकों संग PM आवास तक करेंगे मार्च 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.