Lucknow News: कंगना रनौत के कथित बयान पर महिला कांग्रेस का विरोध, एफआईआर दर्ज करने की मांग
Lucknow News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत के कथित बयान के विरोध में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने शनिवार को लखनऊ के हुसैनगंज थाने में तहरीर देकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव ने आरोप लगाया कि कंगना रनौत का कथित बयान जेन-जी छात्र-छात्राओं, युवाओं और महिलाओं के प्रति अपमानजनक है।
उनका कहना है कि इस बयान से जनभावनाएं आहत हुई हैं और समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश की गई है।
जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़े बयान पर जताई आपत्ति
तहरीर में कहा गया है कि 30 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के संबंध में दिए गए सार्वजनिक बयान में प्रदर्शनकारी युवाओं, छात्राओं और महिलाओं के लिए कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।
महिला कांग्रेस का आरोप है कि बयान में नई पीढ़ी की बेटियों और उनके अभिभावकों के बारे में भी अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग
अनामिका यादव ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
उन्होंने बयान से जुड़े वीडियो, ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट को सुरक्षित रखते हुए उन्हें साक्ष्य के रूप में संकलित करने और विधिसम्मत कार्रवाई करने की भी अपील की।
इस दौरान जैनब हैदर, प्रो. विनोद चंद्रा, अधिवक्ता दिलीप कुमार मिश्रा, सत्य प्रकाश पांडेय, संजय सिंह, राकेश पांडेय समेत महिला कांग्रेस और कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

