Bareilly News: सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर ही महिला को दिया गया राशन कार्ड

Bareilly News: जनपद बरेली की नवाबगंज तहसील सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता और स्थानीय विधायक डॉ. एमपी आर्य की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने दूर-दराज से आए ग्रामीणों और फरियादियों की शिकायतों को बड़े धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और शासन की मंशानुरूप संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि आम जनता को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं

दिव्यांग पेंशन और जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित जांच

समाधान दिवस में पीडब्ल्यूडी, राजस्व, भूमि विवाद, आवास और पेंशन से जुड़ी अनेक शिकायतें दर्ज की गईं। ग्राम तुमड़िया के एक ग्रामीण ने सरकारी सड़क निर्माण के बाद भी मुआवजा न मिलने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने एडीएम (न्यायिक) और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को तत्काल जांच के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम चेना निवासी फरियादी की दिव्यांग पेंशन और ग्राम खामपुर निवासी की पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों में क्रमशः सीएमओ, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी और बीडीओ नवाबगंज को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम गोशलपुर की एक निराश्रित एवं वृद्ध महिला ने अपने पति की मृत्यु के बाद रहने के लिए आवास और जीवन यापन के लिए भूमि न होने की व्यथा सुनाई, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी (DDO) को तुरंत संज्ञान लेकर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं, त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई का उदाहरण पेश करते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर ममता देवी पत्नी वेदपाल का पात्रता के आधार पर मौके पर ही राशन कार्ड बनवाकर उन्हें सौंपा गया, जिससे लाभार्थी महिला को तत्काल राहत मिली।

इस सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, एसडीएम नवाबगंज सचिन यादव, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, पीडी डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, तहसीलदार नवाबगंज अभिषेक तिवारी तथा एनएचएआई एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Lucknow News: कंगना रनौत के कथित बयान पर महिला कांग्रेस का विरोध, एफआईआर दर्ज करने की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.