लखनऊ से कालिंजर किले के लिए 165 बाइकर्स रवाना, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दिखाई झंडी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में एडवेंचर और फोर्ट टूरिज्म (किला पर्यटन) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार सुबह राजधानी लखनऊ के 1090 (वीमेन पावर लाइन) चौराहे से ‘द राइडिंग चैप्टर: विजिट माई स्टेट’ अभियान का आगाज हुआ। प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने 60 बाइकर्स के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा में विभिन्न जिलों से कुल 165 बाइकर्स जुड़ रहे हैं। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और ऐतिहासिक स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए यह यात्रा एडवेंचर टूरिज्म के रूप में प्रमोट की जा रही है।

फ्लैगऑफ समारोह के दौरान जनसंबोधन में पर्यटन मंत्री की जुबान फिसल गई। उन्होंने अपने बयान में ऐतिहासिक कालिंजर किले को महोबा जिले में स्थित बता दिया, जबकि भौगोलिक रूप से यह प्रसिद्ध और ऐतिहासिक किला बांदा जिले में स्थित है। मंत्री ने कहा कि राज्य में कई ऐसे अनछुए और खूबसूरत पर्यटन स्थल हैं, जिनके बारे में आम लोगों को जानकारी नहीं है। इस तरह के अभियानों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटकों का ध्यान यूपी के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों की ओर आकर्षित होगा।

लखनऊ से कालिंजर किले के लिए 165 बाइकर्स रवाना

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और जिला प्रशासन को अलर्ट

पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने जानकारी दी कि बाइकर्स की पूरी यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। रास्ते में पड़ने वाले सभी जिलों के जिलाधिकारियों को इस राइडिंग अभियान की पूर्व सूचना दे दी गई है। पूरी यात्रा एक्सपर्ट्स की देखरेख में आयोजित की जा रही है और आपात स्थिति से निपटने के लिए हर जिले में एंबुलेंस तैनात रखी गई है। यात्रा के दौरान अन्य जनपदों से भी स्थानीय बाइकर्स इस काफिले में जुड़ते चले जाएंगे।

लखनऊ से कालिंजर किले के लिए 165 बाइकर्स रवाना

फोर्ट टूरिज्म को पंख लगाने की कवायद

प्रमुख सचिव ने आगे बताया कि कर्नाटक और मुंबई की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी एडवेंचर और फोर्ट टूरिज्म को नई पहचान दिलाने के लिए यह अभियान चलाया गया है। कालिंजर किला अपनी ऐतिहासिक महत्ता और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है, जिसे व्यापक स्तर पर एक्सप्लोर किए जाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी बाइकर्स ने पर्यटन मंत्री को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।

Also Read: इंस्टाग्राम पर प्यार का झांसा, फर्जी पुलिस दफ्तर में रेड का डर, मेरठ में Honey Trap Gang का भंडाफोड़

Get real time updates directly on you device, subscribe now.