Meerut News: अवैध तमंचा बनाने वाले गिरोह का शातिर तस्कर 21 तमंचों व वेल्डिंग मशीन के साथ गिरफ्तार
Meerut News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अवैध असलहों की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसटीएफ उत्तर प्रदेश को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ मेरठ इकाई और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना लालकुर्ती क्षेत्र के मॉल रोड स्थित कूड़ाघर के पास से एक शातिर असलहा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर के 21 अवैध तमंचे, एक वेल्डिंग मशीन, शिकंजा, आरी के पत्ते, रेती और वेल्डिंग रॉड समेत भारी मात्रा में शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तजम्मुल पुत्र नसीम, निवासी खैरनगर, थाना देहलीगेट (मेरठ) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त तजम्मुल ने खुलासा किया कि वह पिछले 5 वर्षों से अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध असलहे बनाने और पश्चिमी यूपी के विभिन्न जनपदों में उनकी सप्लाई करने का काम कर रहा था। आरोपी एक 315 बोर का तमंचा 4,000 से 5,000 रुपये में बेचता था। वारदात के दिन वह थाना लालकुर्ती क्षेत्र स्थित अपने भाई के किराये के मकान में तमंचे तैयार कर मुजफ्फरनगर सप्लाई के लिए निकलने की फिराक में अपने साथियों का इंतजार कर रहा था, तभी एसटीएफ ने उसे दबोच लिया।

2022 में भी 37 तमंचों के साथ गया था जेल
गिरफ्तार अभियुक्त तजम्मुल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। एसटीएफ की टीम ने वर्ष 2022 में भी मुजफ्फरनगर के थाना चरथावल क्षेत्र से उसे 37 अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि, जेल से छूटने के बाद उसने फिर से वही अवैध कारोबार शुरू कर दिया। आरोपी पर मुजफ्फरनगर और मेरठ में आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
यह सफल कार्रवाई एसटीएफ मेरठ के अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में उप-निरीक्षक प्रमोद कुमार और उनकी टीम (मुख्य आरक्षी जोशी राना, विवेक पंवार, प्रताप सिंह व विनय कुमार) द्वारा अंजाम दी गई। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना लालकुर्ती, मेरठ में आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कराया गया है और स्थानीय पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: भिनगा विधायक इन्द्राणी वर्मा की गाड़ी नीलगाय से टकराई, पति और चालक समेत बाल-बाल बचीं विधायक

