भिनगा विधायक इन्द्राणी वर्मा की गाड़ी नीलगाय से टकराई, पति और चालक समेत बाल-बाल बचीं विधायक

Bahraich News: श्रावस्ती जनपद की भिनगा विधानसभा सीट से विधायक इन्द्राणी वर्मा रविवार तड़के एक बड़े सड़क हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गईं। घटना बहराइच-लखनऊ मार्ग पर कैसरगंज थाना क्षेत्र के पास की है। विधायक इन्द्राणी वर्मा अपने पति ज्ञान प्रकाश कैराती और चालक के साथ फॉर्च्यूनर गाड़ी से सुबह-सुबह लखनऊ जा रही थीं। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में गाड़ी अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि गाड़ी में सवार विधायक, उनके पति और चालक तीनों लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने हाईवे पर छुट्टा जानवरों व नीलगायों के अचानक आ जाने से हो रहे हादसों पर गहरी चिंता व्यक्त की है तथा इस मार्ग पर वाहन चालकों से अधिक सावधानी बरतने की अपील की है।

Also Read: Lucknow News: जन भवन में मियावाकी विधि से 2,796 पौधों का रोपण, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से चला हरित अभियान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.