बर्डपुर–पिपरहवा फोरलेन को मिली रफ्तार, 261.49 करोड़ की परियोजना से बदलेगी कपिलवस्तु की तस्वीर: जगदंबिका पाल

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में पर्यटन और विकास को नई रफ्तार देने वाली बर्डपुर–पिपरहवा फोरलेन योजना अब धरातल पर आकार लेने लगी है। नगर पंचायत बर्डपुर तिराहे से शुरू होने वाले इस 9.400 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर 261.49 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत नॉर्थ–साउथ कॉरिडोर के तहत बनने वाली इस सड़क की विस्तृत जानकारी रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद जगदंबिका पाल ने जिला मुख्यालय स्थित विश्राम गृह में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधा

सांसद ने कहा कि भारत–नेपाल सीमा से सटा यह मार्ग सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। फोरलेन के निर्माण से अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल कपिलवस्तु स्तूप, कपिलवस्तु विश्वविद्यालय और आसपास के धार्मिक स्थलों तक आवागमन सुरक्षित, सुगम और तेज हो जाएगा। इससे देश-विदेश से आने वाले बौद्ध धर्मावलंबियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे क्षेत्र में व्यापार, परिवहन, होटल उद्योग और सेवा क्षेत्र में रोजगार के ढेरों अवसर पैदा होंगे।

भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज, 87 करोड़ रुपये खाते में जमा

परियोजना की प्रगति पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि जमीन अधिग्रहण का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। राजस्व और लोक निर्माण विभाग (PWD) की संयुक्त टीम भूमि की नाप-जोख, कागजातों की जांच और प्रभावित भवनों का मूल्यांकन करने में जुटी है। मुआवजा वितरण और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को गति देने के लिए 87 करोड़ रुपये की राशि विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी, सिद्धार्थनगर के खाते में ट्रांसफर कर दी गई है।

सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि भगवान बुद्ध का बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय का संदेश केवल आध्यात्मिक नहीं, बल्कि सर्वजन कल्याण का मार्ग दिखाता है। सड़कें केवल दो स्थानों को नहीं जोड़तीं, बल्कि संस्कृतियों, अवसरों और विकास को एक-दूसरे से मिलाती हैं। यह फोरलेन परियोजना बुद्ध की इस पावन धरा को आधुनिक कनेक्टिविटी से जोड़कर स्थानीय नागरिकों, छात्रों और श्रद्धालुओं के लिए समृद्धि के नए दरवाजे खोलेगी।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: जनहित से जुड़े हर मुद्दे को सदन में रखें जनप्रतिनिधि: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.