पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में फिदायीन हमला, 5 सुरक्षाकर्मी समेत 14 लोगों की मौत, 12 घायल
Khyber Pakhtunkhwa Bomb Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को शांति मार्च के दौरान हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। स्वात जिले के काबल टाउन में हुए इस विस्फोट में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, मारे गये लोगों में 5 सुरक्षाकर्मी और 9 नागरिक थे। जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह शांति मार्च ‘स्वात अमन जिरगा’ नाम की स्थानीय आदिवासी परिषद ने आयोजित किया था। हाल के महीनों में क्षेत्र में बिगड़ते सुरक्षा हालात और बढ़ती हिंसा के विरोध में बड़ी संख्या में लोग शांति और सुरक्षा की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे थे।
प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर इलाके में अमन बहाल करने की मांग कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।
आत्मघाती हमले की आशंका
प्रारंभिक आशंका है कि यह आत्मघाती हमला हो सकता है, हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अब तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। जांच एजेंसियां विस्फोट के तरीके और इसके पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी हैं।
स्वात पुलिस का कहना है कि कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। प्रशासन ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
खैबर Khyber Pakhtunkhwa लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों और सुरक्षा चुनौतियों से जूझता रहा है। हाल के महीनों में क्षेत्र में हिंसक घटनाओं में बढ़ोतरी के बाद स्थानीय लोग लगातार शांति और सुरक्षा की मांग कर रहे थे। ऐसे में शांति मार्च को निशाना बनाए जाने से इलाके में एक बार फिर भय और तनाव का माहौल पैदा हो गया है।
Also Read: इंडोनेशिया में फेरी में भीषण आग, 5 की मौत, 41 लोग लापता, बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

