इंडोनेशिया में फेरी में भीषण आग, 5 की मौत, 41 लोग लापता, बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास रविवार को एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग लापता हैं।
हादसे के बाद राहत एवं बचाव एजेंसियों ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के अनुसार, फेरी में यात्रियों और चालक दल के सदस्यों समेत कुल 271 लोग सवार थे।
रविवार दोपहर तक 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, फेरी पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर जा रही थी। इसी दौरान जावा के उत्तर-पूर्वी तट के पास स्थित मदुरा द्वीप के निकट जहाज में अचानक आग लग गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए कई जहाज और बचाव दल तैनात किए गए हैं। समुद्र में लापता यात्रियों की तलाश जारी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
इंडोनेशिया में समुद्री हादसे और फेरी में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।
जुलाई 2025 में उत्तरी सुलावेसी प्रांत के पास KM Barcelona 5 नामक यात्री जहाज में आग लगने से 3 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 150 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया था।
वहीं, मई 2021 में KM Karya Indah फेरी में मोलुक्का सागर में आग लग गई थी। उस दौरान यात्रियों और चालक दल को समुद्र में छलांग लगानी पड़ी थी।
हालांकि, बचाव दल और स्थानीय मछुआरों की मदद से सभी 195 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था।
ताजा हादसे के बाद इंडोनेशियाई प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है और लापता लोगों की तलाश जारी है।
Also Read: अमेरिका के बर्गर रेस्तरां में भीषण गोलीबारी, 3 की मौत और कई घायल, संदिग्ध हमलावर भी ढेर

