फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट में तेज टर्बुलेंस, कई यात्री घायल, सुरक्षित लैंडिंग

Phuket Delhi Flight: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान टर्बुलेंस (हवा के तेज झटकों) की चपेट में आ गई। घटना में कई यात्री और कुछ क्रू मेंबर मामूली रूप से घायल हो गए। विमान की सुबह करीब 8:30 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

घायल यात्रियों को इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल, वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल और स्पाइनल इंजरी सेंटर भेजा गया। एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

यात्री ने बताई पूरी घटना

एक यात्री ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि उड़ान को करीब डेढ़ घंटा हो चुका था और अधिकांश यात्री सो रहे थे। तभी विमान को अचानक तेज झटके लगे और कुछ मिनट तक स्थिति असामान्य रही। यात्री के मुताबिक, घटना में 15 से 20 लोग घायल हुए। उन्होंने दावा किया कि विमान में 100 से अधिक लोग सवार थे और कई यात्रियों को चोटें आईं। यात्री ने एयर इंडिया के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही।

एयर इंडिया ने क्या कहा

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 को कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया। इसके बाद पायलट ने सुरक्षित तरीके से दिल्ली में विमान उतारा।

एयरलाइन के अनुसार, कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें एहतियातन एयरपोर्ट मेडिकल सेंटर भेजा गया। कंपनी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।

 

Also Read: यूपी में अब एक ही इंटीग्रेटेड पोर्टल पर जमा होगा टैक्स, 45 दिनों में शुरू होगी सुविधा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.