लखनऊ में अवैध निर्माणों पर LDA का एक्शन, अलीगंज के 51 कॉम्प्लेक्स पर चलेगा बुलडोजर
Lucknow News: लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में आवासीय भू-उपयोग के विपरीत बने अवैध व्यावसायिक निर्माणों पर जल्द कार्रवाई शुरू होगी। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। संबंधित मामलों की फाइलें विहित प्राधिकारी न्यायालय से मंगाई गई हैं और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
51 अवैध व्यावसायिक निर्माण चिन्हित
एलडीए ने सुप्रीम कोर्ट को दी गई अपनी रिपोर्ट में बताया है कि अलीगंज क्षेत्र में आवासीय भूखंडों पर नियमों के विपरीत बने 51 व्यावसायिक निर्माण चिन्हित किए गए हैं। अदालत ने इन सभी मामलों में अब तक हुई कार्रवाई का पूरा विवरण मांगा है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट की टीम अलीगंज क्षेत्र का दौरा कर अवैध निर्माणों का सर्वे भी करेगी।
बिना स्टे वाले भवनों पर होगी कार्रवाई
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि जिन अवैध निर्माणों पर किसी सक्षम न्यायालय से स्टे ऑर्डर नहीं है, उनके खिलाफ नियमानुसार सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने गोपनीय रूप से क्षेत्र का निरीक्षण भी किया है। निरीक्षण के दौरान भवनों की मौजूदा स्थिति, वहां मौजूद लोगों की संख्या, मशीनरी और आवश्यक मैनपावर का आकलन किया गया है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने लोकनाथन बनाम तमिलनाडु राज्य सरकार मामले की सुनवाई के दौरान लखनऊ समेत कई महानगरों में अवैध निर्माणों पर चिंता जताई थी। 22 जून 2026 को अलीगंज सेक्टर-डी में अवैध व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में हुई आग की घटना के बाद अदालत ने इस मामले को गंभीरता से लिया था।
Also Read: लखनऊ में 17 साल की लड़की की हत्या, घर में मिला शव, पास में गंभीर हालत में मिला युवक

