Bareilly News: दोस्त ने ही रची थी 7.5 लाख रुपये की चोरी की साजिश, बहेड़ी पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
Bareilly News: बरेली जनपद के बहेड़ी थाना पुलिस ने भुड़िया कॉलोनी में हुई 7.50 लाख रुपये की बड़ी चोरी का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पूरे 7.50 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। इस मामले में हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि चोरी की पूरी साजिश पीड़ित के ही एक करीबी दोस्त ने रची थी, जिसने कर्जा उतारने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।
कर्ज से परेशान दोस्त ने रची थी साजिश
पुलिस के अनुसार, उतरसिया समुखिया निवासी निरपन ने 5 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 जुलाई को उनके घर से अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये उड़ा लिए हैं। मामला दर्ज कर बहेड़ी थाना पुलिस जांच में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पाइप फैक्ट्री के पास गन्ने के खेत के निकट दबिश दी, जहां दो युवक चोरी की रकम आपस में बांट रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर सुजीत मंडल (30 वर्ष, निवासी भुड़िया कॉलोनी) और मनोज (28 वर्ष, निवासी सितारगंज, उत्तराखंड) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी सुजीत मंडल ने कुबूल किया कि वह और पीड़ित निरपन आपस में दोस्त हैं। सुजीत को पता था कि निरपन ने जमीन खरीदने के लिए घर में बड़ी रकम रखी हुई है। कर्ज में डूबे होने के कारण सुजीत ने अपने साथी मनोज के साथ मिलकर दोपहर के वक्त इस चोरी को अंजाम दिया। बहेड़ी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: लखनऊ में नकली अंग्रेजी शराब का बड़ा भंडाफोड़, बिहार सप्लाई करने वाला तस्कर गिरफ्तार

