युवाओं से सुझाव लेकर बनेगी यूपी की नई युवा नीति, शिक्षा-रोजगार से AI तक पर योगी का फोकस
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य की नई एकीकृत युवा नीति प्रदेश के युवाओं की अपेक्षाओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि नीति बनाने से पहले 16 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की राय, सुझाव और आवश्यकताओं को समझा जाए।
इसके लिए विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शोधार्थियों, स्टार्टअप उद्यमियों और युवा पेशेवरों सहित विभिन्न वर्गों के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक माध्यमों से भी सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।
AI, रोबोटिक्स और ड्रोन जैसे क्षेत्रों पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई युवा नीति में शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, स्वास्थ्य, खेल, नेतृत्व विकास, संस्कृति और डिजिटल सशक्तीकरण को एक साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि युवाओं को भविष्य के रोजगार के लिए तैयार करने हेतु आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा, ड्रोन और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाए। प्रत्येक जिले में स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ यूथ इन्क्यूबेशन सेंटर विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
अभ्युदय योजना और खेल सुविधाओं के विस्तार के निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल इंडस्ट्रियल एंड एम्प्लॉयमेंट ज़ोन का काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना को और प्रभावी बनाने तथा इसे विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों तक विस्तार देने की बात कही।
इसके अलावा हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, प्रत्येक विकासखंड में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हर जिले में खेल उत्कृष्टता केंद्र और मंडल स्तर पर हाई परफॉर्मेंस सेंटर विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं।
Also Read: मैंने किसी की साड़ी नहीं खींची, बरी होने के बाद पहली बार बोले बृजभूषण शरण सिंह

