JPSE Protest: सरकार-छात्र वार्ता में कई मांगों पर सहमति, CBI जांच पर अटका मामला, आंदोलन रहेगा जारी

Jharkhand JPSE Protest: झारखंड में JPSC, JSSC समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और CBI जांच की मांग को लेकर छात्रों का सत्याग्रह आंदोलन 14वें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को रांची स्थित राजकीय अतिथिशाला में सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच करीब दो घंटे तक अहम बैठक हुई। कई मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई, लेकिन आंदोलन की सबसे बड़ी मांग CBI जांच पर कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका।

इसी के साथ छात्र प्रतिनिधियों ने साफ कर दिया कि जब तक CBI जांच की मांग पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब इस मुद्दे पर अगली और निर्णायक बैठक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ होगी।

सकारात्मक बैठक, लेकिन मुख्य मांग पर फैसला नहीं

बैठक के बाद छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि सरकार के साथ यह पहली औपचारिक वार्ता थी और चर्चा का माहौल काफी सकारात्मक रहा। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना है और उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन छात्रों की चिंताओं पर सकारात्मक निर्णय लेंगे।

रविंद्र पासवान ने बताया कि यह केवल बातचीत का पहला चरण था। आगे होने वाली बैठकों में सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा होगी, लेकिन फिलहाल CBI जांच के मुद्दे पर कोई सहमति नहीं बन सकी।

सरकार ने गंभीरता से सुनीं मांगें

सरकार की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि छात्रों के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि सरकार ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना है और उन पर विचार किया जाएगा।

हालांकि बैठक के बाद सरकार और छात्र प्रतिनिधियों ने विस्तृत जानकारी साझा नहीं की। दोनों पक्षों ने सिर्फ इतना कहा कि कई मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है, लेकिन CBI जांच पर अंतिम निर्णय अगली बैठक में लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री के साथ होगी अगली निर्णायक बैठक

छात्रों का कहना है कि उनकी सबसे अहम मांग भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच है। जब तक इस पर स्पष्ट फैसला नहीं होता, तब तक JPSE Protest जारी रहेगा। अब इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ प्रस्तावित बैठक में अंतिम निर्णय की उम्मीद है।

बैठक में 10 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ, जिसमें रविंद्र पासवान, आनंद कुमार, अंकित कुमार, पतंजलि मंडल, पीयूष कुमार, अंकित राज, कार्तिक सोरेन, शालू कुमारी और नीतू कुजूर समेत अन्य छात्र मौजूद रहे।

सरकार की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, विकास आयुक्त अजय सिंह, रांची के उपायुक्त (DC) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भी बैठक में शामिल हुए।

Also Read: E20 Petrol के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे राहुल गांधी! कहा- ‘दाल में काला नहीं, पूरी दाल ही काली है’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.