हिमाचल के चंबा में खाई में गिरी निजी बस, चालक-परिचालक समेत 7 की मौत, 11 गंभीर रूप से घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई। सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए निकली एक निजी बस तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बस में कुल 18 यात्री सवार थे, जिनमें से ड्राइवर और कंडक्टर समेत 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और बस के नीचे दबे यात्रियों को निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद सभी पीड़ितों को बाहर निकाला। चंबा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने हादसे में 7 मौतों और 11 घायलों की आधिकारिक पुष्टि करते हुए सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।
चंबा जनपद में लगातार हो रहे जानलेवा हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। पिछले दो महीनों के दौरान अलग-अलग हादसों में 25 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। हाल ही में सीमावर्ती क्षेत्र में लैंडस्लाइड की चपेट में आने से टाटा सूमो सवार 13 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 28 जुलाई को लाहाड़ गांव के पास एक अन्य वाहन के खाई में गिरने से एक बच्चे सहित 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
Also Read: सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर तैनात सुरक्षाकर्मी की मौत, हार्ट अटैक की आशंका

