सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर तैनात सुरक्षाकर्मी की मौत, हार्ट अटैक की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के मुंबई के बांद्रा स्थित आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट की सुरक्षा में तैनात 41 वर्षीय पुलिस कांस्टेबल गणेश की ऑन-ड्यूटी अचानक मौत हो गई। शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था संभालते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़े। वहां मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों और सहयोगियों ने तुरंत उन्हें पास के अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक चिकित्सीय जांच के अनुसार कांस्टेबल गणेश की मृत्यु दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से हुई है। बांद्रा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजहों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
सलमान के घर 24 घंटे तैनात रहती है पुलिस
अभिनेता सलमान खान को लगातार मिल रही सुरक्षा धमकियों के मद्देनजर उनके घर के बाहर 24 घंटे कड़ा कमान और पुलिस बल का कड़ा पहरा रहता है। मृतक कांस्टेबल गणेश भी पिछले लंबे समय से सलमान खान की सुरक्षा टीम का हिस्सा थे और नियमित रूप से वहां ड्यूटी दे रहे थे।
राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
पुलिस विभाग ने कांस्टेबल गणेश के असमय निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिवंगत जवान का अंतिम संस्कार पूरी तरह सरकारी और राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इसके साथ ही विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को अनुकंपा के आधार पर हर संभव वित्तीय सहायता और मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
Also Read: UP में मानसून फिर होगा आक्रामक, 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों में जलभराव और बाढ़ का खतरा

