Bareilly News: दंपती से लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, 3 लुटेरे गिरफ्तार

Bareilly News: जनपद बरेली की विशारतगंज थाना पुलिस ने बीती 17 जुलाई की रात दंपती से हुई छिनैती की वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को धर दबोचा है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से छीने गए 02 वीवो मोबाइल फोन, 1 हाथ घड़ी, नगदी और घटना में इस्तेमाल की गई चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। तीनों आरोपी किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, उससे पहले ही पुलिस की मुस्तैदी से सलाखों के पीछे पहुँच गए।

17 जुलाई को दंपती से छीना था पर्स

मामला विशारतगंज थाना क्षेत्र का है, जहाँ 17 जुलाई 2026 की रात ग्राम पराबहाउद्दीनपुर के पास बाइक सवार एक दंपती को निशाना बनाया गया था। तीन अज्ञात बदमाशों ने दंपती से पर्स छीन लिया था, जिसमें 2 मोबाइल, घड़ी और 5 हजार रुपये नगद थे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

शुक्रवार को गश्त और चेकिंग के दौरान विशारतगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पराबहाउद्दीनपुर छिनैती कांड के तीनों आरोपी मधुसूदन फैक्ट्री के पीछे एक सुनसान मकान में छिपे हुए हैं और दोबारा किसी राहगीर को लूटने की योजना बना रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना वक्त गँवाए मौके पर घेराबंदी की और आवश्यक बल प्रयोग करते हुए तीनों को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अभ्युदय (उम्र 26 वर्ष) पुत्र संजय सिंह, निवासी अतरछेडी, विशारतगंज (इसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं), वैभवपाल (उम्र 19 वर्ष) पुत्र हरिपाल, निवासी मिर्जापुर, आंवला और रोहित उर्फ मोहित (उम्र 23 वर्ष) पुत्र मोहित, निवासी अतरछेड़ी, विशारतगंज के रूप में हुई है।

चोरी की बाइक से करते थे वारदात

पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे घूम-घूमकर लूटपाट करते थे और बरामद सामान आपस में बाँट लेते थे। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर (UP25DL-3665) भी चोरी की है, जिसके संबंध में पुलिस अलग से जांच कर रही है। आरोपियों पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Siddharthnagar News: सीएम योगी रविवार को बांसी में विकास परियोजनाओं की देंगे बड़ी सौगात, प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.