Vaibhav Sooryavanshi: ‘ये लड़का कमाल का है’, उम्र पर सवाल उठाने वालों पर भड़के ब्रेट ली
Sports News: भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दुनियाभर के क्रिकेट दिग्गजों का ध्यान खींचा है।
अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली भी उनकी बल्लेबाजी के कायल हो गए हैं। उन्होंने वैभव की उम्र को लेकर होने वाली चर्चाओं को बेवजह बताया और कहा कि असली बात उनकी उम्र नहीं, बल्कि क्रिकेट खेलने की क्षमता है।
ब्रेट ली ने कहा कि अगर वैभव 15 साल के हैं तो यह शानदार है और अगर उनकी उम्र 17 या 18 साल भी होती, तब भी इससे उनके खेल की काबिलियत पर कोई फर्क नहीं पड़ता।
उन्होंने युवा बल्लेबाज के आत्मविश्वास, आक्रामक अंदाज और तेज गेंदबाजों के खिलाफ निडर बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की।
‘उम्र से क्या फर्क पड़ता है?’
एक यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान ब्रेट ली ने कहा कि भारत के बाहर वैभव की उम्र को लेकर लगातार सवाल किए जाते हैं। हालांकि, उनके लिए यह मुद्दा महत्वपूर्ण नहीं है।
ली ने कहा, “वह अविश्वसनीय है। भारत के बाहर हर कोई पूछता है कि क्या वह सच में 15 साल का है। मुझे फर्क नहीं पड़ता कि उसकी उम्र कितनी है।

अगर वह 15 का है तो शानदार, अगर 17 या 18 का है तो भी क्या फर्क पड़ता है? यह लड़का क्रिकेट खेलना जानता है।”
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने वैभव को भारतीय क्रिकेट की शानदार खोज बताया और उम्मीद जताई कि यह युवा खिलाड़ी आने वाले वर्षों में बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा।
IPL में वैभव की बल्लेबाजी ने किया प्रभावित
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से खास पहचान बनाई। तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी उनका आक्रामक रवैया देखने को मिला।
ब्रेट ली खास तौर पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वैभव की 97 रन की पारी से प्रभावित हुए।
ली के मुताबिक, उस मुकाबले में तेज गेंदबाज पूरी रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन वैभव ने शॉर्ट गेंदों के खिलाफ भी अपना आक्रामक रवैया नहीं बदला।
उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज सिर्फ ताकत के दम पर रन नहीं बनाता, बल्कि सही क्रिकेटिंग शॉट्स खेलकर तेजी से स्कोर करता है।
शोहरत और दबाव संभालना होगी बड़ी चुनौती
ब्रेट ली के मुताबिक, वैभव के सामने आने वाले समय में सबसे बड़ी चुनौती उनकी बल्लेबाजी या फॉर्म नहीं, बल्कि कम उम्र में मिलने वाली शोहरत और उम्मीदों को संभालना होगी।
उन्होंने कहा कि वैभव को अभी सामान्य जिंदगी जीने और अपनी उम्र के हिसाब से आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। उन पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालना सही नहीं होगा।
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव को भारतीय टी20 टीम में भी जगह मिली।
इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने शानदार वापसी की और प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया।
वैभव के खिलाफ कैसे गेंदबाजी करते ब्रेट ली?
ब्रेट ली से जब पूछा गया कि अगर वह अपने खेल के दिनों में वैभव के खिलाफ गेंदबाजी करते तो उनकी रणनीति क्या होती, तो उन्होंने कहा कि वह पहले युवा बल्लेबाज की तकनीक और कमजोरियों का विश्लेषण करते।
इसके बाद वह शरीर को निशाना बनाते हुए शॉर्ट गेंद और बाउंसर का इस्तेमाल करते। ली ने कहा कि अगर वैभव ऐसी गेंद पर छक्का भी लगा देते, तब भी वह अपनी रणनीति नहीं बदलते और दोबारा शॉर्ट गेंद से उनकी परीक्षा लेते।
ली की इस टिप्पणी से साफ है कि वह वैभव को एक बेहद प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज मानते हैं, लेकिन साथ ही चाहते हैं कि उन्हें कम उम्र में मिलने वाली लोकप्रियता और दबाव से बचाकर धीरे-धीरे आगे बढ़ने का मौका दिया जाए।
Also Read: IND vs SL: टीम इंडिया को इस गेंदबाज से रहना होगा सावधान, श्रीलंका में आंकड़े बेहद खतरनाक

