JPSC-JSSC धांधली के खिलाफ अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र महतो की तबीयत बिगड़ी
Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत रविवार सुबह अचानक बिगड़ गई। मौके पर मौजूद मेडिकल टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
देवेंद्र महतो पिछले महीने 25 जुलाई से दिवा-रात्रि सत्याग्रह पर थे, जिसके बाद 2 अगस्त से उन्होंने अनशन शुरू कर दिया था। तबीयत बिगड़ने के बावजूद देवेंद्र महतो ने कहा, लगातार संघर्ष के कारण शरीर थक सकता है, लेकिन छात्रों के अधिकार और न्याय की लड़ाई के लिए हमारा संकल्प नहीं टूटेगा।
विधायक जयराम महतो का निर्जला उपवास
छात्र आंदोलन को समर्थन देते हुए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधायक जयराम महतो ने भी रविवार सुबह से एक दिवसीय निर्जला उपवास शुरू कर दिया है। उन्होंने देवेंद्र महतो के गिरते स्वास्थ्य पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए हेमंत सोरेन सरकार से छात्रों की वाजिब मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है।
बता दें कि इस मौजूदा आंदोलन की शुरुआत 2 जुलाई को 14वीं JPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) के परिणामों में कथित गड़बड़ी और धांधली के आरोपों से हुई थी।
5 जुलाई: छात्रों का लगातार विरोध-प्रदर्शन शुरू हुआ।
25 जुलाई: आंदोलन ने अनिश्चितकालीन सत्याग्रह का रूप लिया।
रविवार: सत्याग्रह का 16वां दिन है और आंदोलनकारी अपनी मांगों पर डटे हुए हैं।
Also Read: Prayagraj News: UP STF ने फाफामऊ से 1 लाख के इनामी गैंगस्टर को किया गिरफ्तार

