सहारनपुर में सिपाही की पत्नी ने रायफल से खुद को मारी गोली, मौके पर ही हुई मौत

Saharanpur News: सहारनपुर के हकीकत नगर में शुक्रवार सुबह एक महिला ने कथित तौर पर सरकारी रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली गर्दन में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 33 वर्षीय सरिता के रूप में हुई है। उनके पति रिंकू सिंह सहारनपुर में पुलिस सिपाही हैं। घटना के समय रिंकू दोनों बेटियों के साथ दूसरे कमरे में थे।

गोली की आवाज सुनकर पहुंचे पति

बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे गोली चलने की आवाज आई। रिंकू कमरे में पहुंचे तो सरिता फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थीं और पास में रायफल थी। दोनों बेटियां भी आवाज सुनकर कमरे के पास पहुंच गईं। रिंकू ने उन्हें बाहर भेज दिया। इसके बाद उन्होंने अपने मामा के बेटे को फोन कर घटना की जानकारी दी।

पड़ोसियों की सूचना पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

2019 में हुई थी शादी

रिंकू सिंह मूल रूप से मेरठ के हस्तिनापुर के रहने वाले हैं और 2016 बैच के सिपाही हैं। वर्तमान में वह सहारनपुर में खनन विभाग की गार्द में तैनात हैं। 2019 में उनकी शादी बिजनौर निवासी सरिता से हुई थी। दंपती की दो बेटियां ज्योत्सना (5) और श्रद्धा (3) हैं। परिवार करीब दो साल से हकीकत नगर में किराए के मकान में रह रहा था। सरिता का भाई नवीन सिंह भी सहारनपुर में सब इंस्पेक्टर है।

आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय रिंकू ने शराब पी रखी थी। हालांकि महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच के बाद परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.