लखीमपुर में दुष्कर्म आरोपी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन पर था निर्माण

Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी 65 वर्षीय खलील के मकान पर बुधवार को बुलडोजर कार्रवाई हुई। मामला सिंगाही थाना क्षेत्र का है। राजस्व विभाग की पैमाइश में मकान ग्राम पंचायत की सरकारी जमीन पर बना मिला। इसके बाद एसडीएम की मौजूदगी में अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

आरोप है कि खलील रविवार सुबह घर के बाहर खेल रही चार साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने बाद में आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश था और आरोपी के मकान पर कार्रवाई की मांग हो रही थी।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सीओ और राजस्व टीम के साथ पीएसी तैनात रही। सिंगाही, निघासन, तिकुनिया और पड़वा थानों की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।

पीलीभीत में 6 दुकानों पर भी चला बुलडोजर

पीलीभीत में टनकपुर-बरेली हाईवे के पास नकटा दाना चौराहे पर तीन महीने से चल रहे विवाद के बाद प्रशासन ने छह दुकानों को ध्वस्त कर दिया। नगर पालिका ने दुकानदारों को कई बार नोटिस दिए थे।

दुकानदारों ने पूर्व में मिली लीज का हवाला देकर जिलाधिकारी से शिकायत की थी और दुकान खाली करने के लिए समय मांगा था। नगर पालिका ने दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर प्रशासन और पुलिस को रिपोर्ट दी।

भारी पुलिस बल के बीच कार्रवाई

बुधवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार की मौजूदगी में जेसीबी से दुकानें गिराई गईं। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और वे अपना सामान निकालते नजर आए।

Also Read: Siddharthnagar News: सर्पदंश से हुई मौतों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, ग्रामीण अस्पतालों में पर्याप्त एंटी-स्नेक वेनम की मांग 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.