सहारनपुर PNB जाली नोट केस में खुलासा, 11 हजार वेतन वाला 15 हजार में रखता था ड्राइवर
Saharanpur News: सहारनपुर के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) करेंसी चेस्ट से मिले 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोटों की जांच अब आउटसोर्स कर्मचारियों तक पहुंच गई है। जांच एजेंसियां निलंबित प्रबंधक अमित कुमार के करीबी बताए जा रहे कर्मचारी आदेश कुमार की संपत्ति और गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं।
आदेश की तैनाती करेंसी चेस्ट में चालक और लोडर के तौर पर थी। आरोप है कि वह वाहन चलाने के बजाय करीब 500 रुपये प्रतिदिन पर दूसरा ड्राइवर रखता था। उसका मासिक वेतन लगभग 11 हजार रुपये बताया जा रहा है। जांच में उसके पास पांच मकान, स्कॉर्पियो और वरना कार समेत दो बाइक होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन संपत्तियों का वास्तविक मालिकाना और धन का स्रोत अभी स्पष्ट नहीं है।
घर पर छापा, दस्तावेज जुटाए
बुधवार को पुलिस ने मानकमऊ स्थित आदेश के घर पर छापा मारकर दस्तावेज और दूसरी जानकारियां जुटाईं। NIA यह पता कर रही है कि उसकी संपत्ति, बैंक लेनदेन और वाहनों का करेंसी चेस्ट मामले से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल ऐसा कोई सीधा संबंध आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है।
करेंसी चेस्ट बंद, शाखाओं से कैश व्यवस्था
जांच के कारण घंटाघर के सोफिया मार्केट और गंगोह स्थित PNB करेंसी चेस्ट पर असर पड़ा है। अब जरूरतमंद शाखाएं आसपास की दूसरी शाखाओं से नकदी मंगाकर काम चला रही हैं।
उधर, करेंसी चेस्ट का चालक आदर्श, जो 5 सितंबर से लापता था, बुधवार रात पूछताछ के बाद घर लौट आया। प्राथमिक पूछताछ में भूमिका सामने नहीं आने पर उसे फिलहाल छोड़ दिया गया है।
Also Read: रोहित शर्मा के टीवी शो के प्रोमो पर बवाल, शिखर धवन वाली कहानी पर फैंस ने घेरा

