लखनऊ में सफाई कर्मचारियों का हंगामा, 19 वार्डों में काम ठप, LSA पर 2-3 हजार वसूलने का आरोप

Lucknow Sanitation Workers Protest: लखनऊ के पुरनिया में सफाई कर्मचारियों ने LSA प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने उत्पीड़न और समय पर वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध का असर जोन-3 के 19 वार्डों की सफाई व्यवस्था पर पड़ा है और कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है।

कर्मचारियों का आरोप है कि सफाई कर्मचारियों से लेकर सुपरवाइजर तक को परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद LSA प्रबंधन की ओर से सुनवाई नहीं हुई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वेतन आने के बाद उसमें से 2 से 3 हजार रुपये तक जबरन लिए जाते हैं।

‘सैलरी के लिए भी दो महीने इंतजार’

कर्मचारी नेता दीपू ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मेहनत से शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर होती है, लेकिन उनके साथ ही गलत व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि LSA के लोग सरकार की मंशा पर पानी फेर रहे हैं।

कर्मचारी रेशमा के मुताबिक, सफाई कर्मचारी सुबह करीब 4 बजे काम पर पहुंचते हैं और अंगूठा लगाकर हाजिरी दर्ज करते हैं। इसके बाद काम खत्म करने का कोई तय समय नहीं है। उनका आरोप है कि वेतन देने के मामले में भी लापरवाही बरती जाती है और कई बार दो महीने तक सैलरी नहीं मिलती।

कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं करा रही, लेकिन काम लगातार कराया जा रहा है। उनका दावा है कि लेबर लॉ से जुड़े नियमों की अनदेखी की शिकायतें भी लगातार की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

9 सितंबर को नगर निगम मुख्यालय पर भी हुआ था प्रदर्शन

इससे पहले 9 सितंबर को जोन-3 के फैजुल्लागंज तृतीय वार्ड के सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन (Lucknow Sanitation Workers Protest) किया था। कर्मचारी नेता अर्जुन ने LSA के HR वैभव त्रिपाठी और जोनल अधिकारी पर संसाधन उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया था।

अर्जुन के मुताबिक, ट्रैक्टर, ट्रॉली और लोडर के लिए ड्राइवर की व्यवस्था तक ठीक नहीं है, जिससे काम प्रभावित होता है और इसकी बदनामी पार्षदों की होती है, जबकि उनकी कोई गलती नहीं है।

अर्जुन ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों से 2-3 हजार रुपये दिलाने की बात कही जाती है और पैसे नहीं देने पर नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कर्मचारियों से ATM लेकर पैसे निकालने और बाकी रकम देने को कहा जाता है।

फिलहाल कर्मचारियों के प्रदर्शन (Lucknow Sanitation Workers Protest) के चलते जोन-3 के 19 वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित है। कर्मचारियों ने आरोपों की जांच और वेतन समेत अपनी मांगों पर कार्रवाई की मांग की है।

Also Read: मोहनलालगंज में लखनऊ ग्रीन सिटी समेत 5 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 70 बीघा प्लाटिंग जमींदोज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.