सहारनपुर में नकली नोटों के बाद नकली सिक्के पकड़े गए, 20 रुपये के 6 हजार सिक्के बरामद
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नकली नोटों के बाद अब नकली सिक्कों की खेप पकड़ी गई है। नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने लाखनौर से 20 रुपये के छह हजार नकली सिक्के बरामद किए हैं। इनकी कुल कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में आवास विकास कॉलोनी निवासी कुलदीप और विपिन को हिरासत में लिया है।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब पीएनबी करेंसी चेस्ट में मिले 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोटों की जांच एनआईए कर रही है। हालांकि, दोनों मामलों के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
बाहर से लाकर दुकानों तक पहुंचाते थे सिक्के
पुलिस के मुताबिक, जिले में कई दिनों से नकली सिक्कों की खेप आने की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर लाखनौर में कार्रवाई की गई। पूछताछ में पता चला कि नकली सिक्के बाहर से लाकर जिले की दुकानों तक पहुंचाए जाते थे।
एक आरोपी ने बताया कि एक थैली में चार हजार रुपये के नकली सिक्के होते हैं। इन्हें दुकानों पर खपाने के बदले 400 रुपये कमीशन मिलता था। खुले पैसों की जरूरत वाले दुकानदारों को निशाना बनाकर सिक्के बाजार में चलाए जा रहे थे।
मुख्य सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि नकली सिक्कों के संबंध में सूचना मिली थी और जांच जारी है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस यह पता लगा रही है कि सिक्के कहां तैयार किए गए, सहारनपुर तक कैसे पहुंचे और अब तक कितनी खेप बाजार में उतारी जा चुकी है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सप्लायर की तलाश भी जारी है।
Also Read: उन्नाव पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अब्दुल हन्नान, 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन

