यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले
UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने रविवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। शासन ने 14 आईएएस और 34 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस दौरान तीन जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों समेत कई मंडलों के अपर आयुक्त बदले गए हैं।
सहारनपुर के सीडीओ सुमित राजेश महाजन को उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। उनकी जगह डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है। लखीमपुर खीरी के सीडीओ अभिषेक कुमार को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग भेजा गया है। उनकी जगह योगानन्द पाण्डेय को जिम्मेदारी मिली है।
अम्बेडकर नगर के सीडीओ आनन्द कुमार शुक्ला को विशेष सचिव एवं निदेशक रेशम बनाया गया है। कुशीनगर के एडीएम वैभव मिश्रा अब अम्बेडकर नगर के सीडीओ होंगे।
राजस्व परिषद और विभागों में भी बदलाव
राजस्व परिषद प्रयागराज में साहब सिंह को सचिव, सचिवालय प्रशासन बनाया गया है। डॉ. विश्राम और देवेन्द्र कुमार सिंह कुशवाहा को सदस्य न्यायिक नियुक्त किया गया है। राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग, अशोक कुमार कनौजिया को माध्यमिक शिक्षा और अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
सहारनपुर के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अपर आयुक्त अलीगढ़ भेजा गया है। काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्वभूषण मिश्रा को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में उपसचिव बनाया गया है।
34 PCS अधिकारियों की भी नई तैनाती
पीसीएस तबादलों में गाजियाबाद, वाराणसी, मथुरा, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज, बहराइच, बागपत और कई अन्य जिलों के अधिकारी बदले गए हैं। सिद्धार्थनगर की एसडीएम रेणु मिश्रा को फर्रुखाबाद, गोंडा के एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह को गौतमबुद्धनगर और कानपुर देहात के एसडीएम प्रद्युम्न कुमार को बस्ती भेजा गया है। इसके अलावा कई अधिकारियों को एडीएम, नगर आयुक्त और विभागीय पदों पर नई जिम्मेदारी दी गई है।
Also Read: यूपी की 40 हजार मेधावी छात्राओं को तोहफा, जनवरी तक मिलेगी फ्री स्कूटी

