यूपी की 40 हजार मेधावी छात्राओं को तोहफा, जनवरी तक मिलेगी फ्री स्कूटी
UP Scooty Scheme 2026: उत्तर प्रदेश की मेधावी छात्राओं के लिए योगी सरकार बड़ी तैयारी कर रही है। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत 40 हजार छात्राओं को जनवरी 2027 तक स्कूटी देने की योजना है। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने जेम पोर्टल पर बिड जारी कर दी है। चयनित कंपनी को 100 दिनों के भीतर स्कूटियों की आपूर्ति करनी होगी।
विभाग सितंबर के अंत तक खरीद प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में है। इसके बाद सप्लाई में करीब 100 दिन लगेंगे। ऐसे में जनवरी तक छात्राओं को स्कूटी मिलने की उम्मीद है। स्कूटियों की डिलीवरी प्रदेश के सभी 75 जिला और मंडल मुख्यालयों पर की जाएगी। किस स्थान पर कितनी स्कूटी भेजी जाएंगी, इसकी जानकारी खरीद आदेश जारी करते समय दी जाएगी।
जरूरत के अनुसार बढ़ या घट सकती है संख्या
अधिकारियों के मुताबिक छात्राओं की चयन सूची भी जल्द तैयार हो जाएगी। लाभार्थियों की संख्या में बदलाव होने पर स्कूटियों की संख्या 25 प्रतिशत तक बढ़ाने या घटाने का प्रावधान रखा गया है। जरूरत पड़ने पर यह बदलाव 25 प्रतिशत से अधिक भी किया जा सकता है।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. मोनिका सिंह ने बताया कि स्कूटी खरीद को लेकर विक्रेताओं के साथ 21 सितंबर को दोपहर 12 बजे ऑनलाइन बैठक होगी।
स्कूटी के साथ हेलमेट और पेट्रोल भी
हर स्कूटी के साथ आईएस 4151:2015 मानक का हेलमेट और चार लीटर पेट्रोल दिया जाएगा। गार्ड किट, ग्रिप कवर, किक रबर और सीट कवर जैसी एक्सेसरीज भी अनिवार्य होंगी। स्कूटी BS6, ऑटोमैटिक और ट्यूबलेस टायर वाली होगी।
इसके अलावा सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए उत्कृष्ट काम करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार-2026 देने की घोषणा की है। पुरस्कार 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस पर दिए जाएंगे। इच्छुक आवेदक जिलाधिकारी की संस्तुति के साथ 15 सितंबर तक निदेशालय, लखनऊ में आवेदन कर सकते हैं। जानकारी के लिए हेल्पलाइन 18001801995 जारी की गई है।

