मुरादाबाद में लकड़ी की फैक्ट्री में भीषण आग, 15 दमकलों ने तीन घंटे में पाया काबू

Moradabad News: मुरादाबाद में सोमवार दोपहर लकड़ी की फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें करीब 20 फीट ऊंचाई तक उठ रही थीं। करीब दो किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। धुआं इतना घना था कि आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आसपास का इलाका खाली करा दिया।

आग कटघर थाना क्षेत्र में रामपुर दोराहे के पास स्थित आरएच इंटरनेशनल फैक्ट्री में करीब 11 बजे लगी। फैक्ट्री के मालिक तस्लीम हैं। यहां लैंप, प्रीमियम कर्टेन रॉड्स, डिजाइनर फर्नीचर और मेटल हैंडीक्राफ्ट तैयार किए जाते हैं। इन उत्पादों की विदेशों में भी सप्लाई होती है।

रामपुर से भी मंगानी पड़ीं दमकल की गाड़ियां

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में थिनर, पेंट, केमिकल और सूखी लकड़ी रखी थी। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई। आग बुझाने के लिए 15 फायर टेंडर और करीब 30 फायर फाइटर्स लगाए गए। रामपुर से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं।

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लकड़ी का सामान अधिक होने के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कत आई।

आग की वजह अभी साफ नहीं

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया था। इसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आग लगने की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है। फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारी सुरक्षित बताए गए हैं। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं।

Also Read: जनता दर्शन में CM योगी का सख्त संदेश, पुलिस लापरवाही और भू-माफिया पर कार्रवाई के निर्देश 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.