दाऊद और छोटा राजन की कहानी पर फिल्म बनाएंगे राम गोपाल वर्मा, मोहित सूरी करेंगे डायरेक्ट

Ram Gopal Varma: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के बाद बॉलीवुड में गैंगस्टर और क्राइम फिल्मों को लेकर उत्साह बढ़ा है। इसी बीच फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा और ‘सैयारा’ के निर्देशक मोहित सूरी ने अपने नए प्रोजेक्ट का ऐलान किया है। दोनों मुंबई अंडरवर्ल्ड पर आधारित एक बड़ी गैंगस्टर ड्रामा फिल्म लेकर आ रहे हैं। राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस सहयोग की जानकारी दी। 

राम गोपाल वर्मा ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ जैसी क्राइम फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं। वहीं मोहित सूरी अपनी फिल्मों में रोमांस, इमोशन और म्यूजिक को खास अंदाज में पेश करते हैं। ऐसे में दोनों का साथ आना दर्शकों के लिए दिलचस्प माना जा रहा है।

दाऊद-छोटा राजन की कहानी पर फोकस

राम गोपाल वर्मा ने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट उन्होंने लिखी है और इसे मोहित सूरी निर्देशित करेंगे। कहानी दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन के अलग होने के दौर पर आधारित होगी। इसमें उस समय की गैंगवॉर, अपराध की दुनिया और 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट से जुड़े घटनाक्रम को भी दिखाया जाएगा।

निर्देशक के मुताबिक, फिल्म में भारतीय खुफिया एजेंसियों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। हालांकि, फिल्म का नाम और कलाकारों की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

इमोशन और एक्शन का होगा मेल

राम गोपाल वर्मा ने कहा कि मोहित सूरी ने स्क्रिप्ट को अलग स्तर पर पहुंचाया है। फिल्म में मजबूत किरदारों, भावनात्मक कहानी, दमदार म्यूजिक और वास्तविक एक्शन पर जोर रहेगा। उन्होंने दावा किया कि यह फिल्म बड़े स्तर पर ‘धुरंधर’ से आगे और भावनात्मक जुड़ाव के मामले में ‘सत्या’ से ज्यादा जमीन से जुड़ी हो सकती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.