राजस्थान निकाय चुनाव में BJP ने मारी बाजी, 4026 वार्ड जीते, कांग्रेस 3438 पर अटकी

Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव के नतीजों में बीजेपी ने कांग्रेस पर बढ़त बना ली है। राज्य के 309 शहरी निकायों के 10,245 वार्डों में हुए चुनाव में बीजेपी ने 4,026 वार्डों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस 3,438 वार्डों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी 2,436 वार्डों में जीत हासिल कर मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।

इन तीनों के अलावा करीब 345 वार्डों में अन्य दलों के उम्मीदवार जीतकर आए हैं। ऐसे में आंकड़े बताते हैं कि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन कई निकायों में बोर्ड बनाने के लिए निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी अहम हो सकती है।

309 निकायों में 10,245 सीटों पर चुनाव

राजस्थान में इस बार 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगर पालिकाओं, यानी कुल 309 शहरी निकायों के लिए चुनाव (Rajasthan Nikay Chunav 2026) कराया गया। कुल 10,245 पार्षद सीटों पर दो चरणों में मतदान हुआ था। पहला चरण 9 सितंबर और दूसरा चरण 11 सितंबर को हुआ।

राज्य में कुल मतदान करीब 72.95 प्रतिशत रहा। दूसरे चरण में 70.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पहले चरण में मतदान करीब 74.76 प्रतिशत रहा।

चुनाव से पहले ही 77 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। इनमें बीजेपी के 44, कांग्रेस के 16 और 17 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल थे।

बड़े शहरों में किसका पलड़ा भारी?

Rajasthan Nikay Chunav 2026 नतीजों में बीजेपी ने जयपुर, कोटा, उदयपुर और भीलवाड़ा जैसे प्रमुख शहरों में मजबूत प्रदर्शन किया है। इन शहरों में बीजेपी के महापौर बनने की स्थिति बनी है। वहीं बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस ने बढ़त बनाते हुए अपना मेयर बनाने की स्थिति हासिल की है।

जोधपुर में बीजेपी और कांग्रेस के बीच बेहद करीबी मुकाबला रहा और यहां एक निर्दलीय उम्मीदवार की जीत ने समीकरण बदल दिया। अजमेर, पाली और कुछ अन्य निकायों में भी निर्दलीय पार्षद बोर्ड गठन में किंगमेकर की भूमिका निभा सकते हैं।

राजस्थान में ये चुनाव मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajan Lal Sharma) सरकार के लिए भी अहम माने जा रहे थे। 2028 विधानसभा चुनाव से पहले शहरी क्षेत्रों का यह जनादेश बीजेपी और कांग्रेस, दोनों के लिए संगठनात्मक ताकत का संकेत माना जा रहा है।

Also Read: चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को दिया पार्टी में आने का न्योता, बोले- छोटे भाई के लिए दरवाजे खुले

Get real time updates directly on you device, subscribe now.