डॉ. आनंद ओझा ने थामा कांग्रेस का हाथ, अजय राय बोले स्वास्थ्य मुद्दों को मिलेगी मजबूती
Lucknow News: लखनऊ में सोमवार को सेवानिवृत्त निदेशक चिकित्सा डॉ. आनंद ओझा कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा में विश्वास जताते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक अजय राय तथा सांसद राकेश राठौर मौजूद रहे।
सदस्यता कार्यक्रम में उप्र कांग्रेस कमेटी विचार विभाग के वाइस चेयरमैन सुरेन्द्र यादव, राकेश कुमार श्रीवास्तव, दयानन्द तिवारी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
अजय राय ने बताया अनुभव का लाभ
पार्टी में स्वागत करते हुए अजय राय ने कहा कि डॉ. आनंद ओझा ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मुख्य चिकित्साधिकारी और मुख्य अधीक्षक जैसे अहम पदों पर काम किया है। उनके प्रशासनिक और चिकित्सा क्षेत्र के अनुभव से कांग्रेस के जनस्वास्थ्य, चिकित्सा व्यवस्था और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को मजबूती मिलेगी।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने, कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाने और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। अनुभवी लोगों के जुड़ने से इन मुद्दों को और प्रभावी तरीके से उठाया जा सकेगा।
वीना खत्री के निधन पर जताया दुख
अजय राय ने पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सांसद फैजाबाद निर्मल खत्री की पत्नी वीना खत्री के निधन पर भी शोक जताया। बीमारी के चलते सोमवार को लखनऊ के मैक्स अस्पताल में उनका आकस्मिक निधन हो गया।
अजय राय ने कहा कि उनके निधन से कांग्रेस परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
Also Read: यूपी में बदल गया जमीन नापने का तरीका, GNSS रोवर से होगी सटीक पैमाइश

