सऊदी अरब में हूतियों का मिसाइल-ड्रोन अटैक, भीषण हमले से थर्राए 3 शहर, 13 लोग घायल
Saudi Arabia Houthi Attack: मिडिल ईस्ट में ईरान-अमेरिका और इजरायल-लेबनान के बीच जारी तनाव के बीच यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच संघर्ष भी तेज हो गया है। सोमवार रात हूतियों ने दक्षिणी सऊदी अरब के कई इलाकों में मिसाइल और ड्रोन हमले किए। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के मुताबिक, हमलों में 13 नागरिक घायल हुए, जबकि सात घरों और दो वाहनों को नुकसान पहुंचा।
हमलों का असर खमीस मुशैत, आभा और ताइफ में देखने को मिला। हूतियों (Houthis) ने दावा किया कि उनके निशाने पर सऊदी के सैन्य ठिकाने थे। वहीं सऊदी अधिकारियों ने नागरिक और आर्थिक ठिकानों को भी निशाना बनाए जाने की बात कही है।
कई शहरों में इमरजेंसी अलर्ट
हमलों के बाद सऊदी अरब ने कई शहरों में संभावित खतरे को लेकर इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। आभा, ताइफ, जेद्दा, जाजान समेत कई इलाकों के लोगों को सतर्क रहने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया। बाद में कुछ दक्षिणी इलाकों में तत्काल हवाई खतरा टलने के बाद अलर्ट हटाया भी गया।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब सऊदी अरब और हूतियों के बीच तनाव (Saudi Arabia-Houthis Conflict) लगातार बढ़ रहा है। हाल के दिनों में हूतियों ने दक्षिणी सऊदी अरब में कई हमले किए हैं, जबकि सऊदी समर्थित बलों ने यमन में हूती ठिकानों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई तेज की है।
तेल सप्लाई पर भी बढ़ा संकट
इस संघर्ष का असर अब सऊदी अरब की ऊर्जा व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। देश की करीब 1,200 किलोमीटर लंबी East-West Oil Pipeline पर हुए ड्रोन हमले के बाद इसे बंद करना पड़ा है। रिपोर्टों के मुताबिक, इसकी मरम्मत में तीन से पांच सप्ताह लग सकते हैं। यह पाइपलाइन खाड़ी क्षेत्र से तेल को लाल सागर के यानबू बंदरगाह तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती है और करीब 4 प्रतिशत वैश्विक तेल आपूर्ति के बराबर क्षमता रखती है।
उधर, हूतियों ने लाल सागर में रणनीतिक इलाकों पर अपना नियंत्रण बढ़ाया है। इससे तेल और समुद्री व्यापार की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
अमेरिका से मदद की मांग, ट्रंप ने बनाई दूरी
बढ़ते तनाव के बीच सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (Mohammed bin Salman) ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर से जेद्दा में मुलाकात की और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की। हालांकि अमेरिका ने अभी सीधे सैन्य हस्तक्षेप का कदम नहीं उठाया है।
Also Read: जावा सागर में लापता जहाज के 102 यात्री बचाए गए, 1 की मौत, 137 की तलाश जारी

