लखनऊ में फोन की EMI के लिए युवक को बनाया बंधक, खून निकलवाया, 5 दिन जबरन कराई मजदूरी
Lucknow Mobile EMI Case: लखनऊ में मोबाइल की किस्त वसूलने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि निगोहां के राजारामखेड़ा गांव के युवक नेवल को कुछ लोग जबरन अपने साथ ले गए और पांच दिन तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उससे मजदूरी कराने और ब्लड बैंक में उसका खून निकलवाने का भी आरोप है।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उसके बड़े भाई से किस्त के नाम पर 2,799 रुपये ऑनलाइन मंगवाए। इसके बाद 12 हजार रुपये की और मांग की गई। रकम न मिलने पर युवक को जान से मारकर गोमती नदी में फेंकने की धमकी देने का आरोप है।
जीरो डाउन पेमेंट पर लिया था Samsung फोन
नेवल ने करीब एक साल पहले निगोहां कस्बे की गीता मोबाइल शॉप से जीरो डाउन पेमेंट पर 21,500 रुपये का Samsung फोन खरीदा था। उसकी 2,799 रुपये की 12 महीने की किस्त तय हुई थी। परिवार का कहना है कि अगले ही महीने दुकान के कुछ लोग घर पहुंचकर फोन वापस ले गए थे।
पीड़ित की मां जदूराई के मुताबिक, बीते 8 सितंबर को दो लोग स्कूटी से गांव पहुंचे और नेवल को अपने साथ ले गए। नेवल का आरोप है कि उसे एक ब्लड बैंक ले जाकर खून निकलवाया गया। इसके बाद सदर इलाके के एक मकान में बंधक बनाकर पांच दिन तक मजदूरी कराई गई।
कैब से थाने भेजा, पुलिस पर भी गंभीर आरोप
परिजनों से 2,799 रुपये लेने के बाद आरोपियों ने 12 हजार रुपये और मांगे। पैसे न देने पर धमकी दी गई। परिजनों ने निगोहां थाने में शिकायत की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पांचवें दिन नेवल को रैपिड कैब से थाने भेजा गया और उसका किराया भी भाई से ही भरवाया गया।
थाने पहुंचने पर नेवल बदहवास हालत में था। परिवार का आरोप है कि कार्रवाई की मांग करने पर उन्हें ही डराया गया और नेवल को घर भेज दिया गया।
इसके बाद नेवल की मां सोमवार को डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के पास पहुंचीं। डीसीपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निगोहां थाना प्रभारी को तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। साथ ही थाने स्तर पर हुई लापरवाही की जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
Also Read: मोहम्मद शमी के भाई पर लखनऊ की महिला ने लगाए यौन शोषण के आरोप, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

