महंगाई ने तोड़ी आम आदमी की कमर, गलत नीतियों से आसमान छू रहे दाल-तेल-सब्जियों के दाम: अजय राय
Lucknow News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने राज्य में लगातार बेकाबू होती महंगाई को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा लागू की जा रही गलत और जनविरोधी आर्थिक नीतियों की सबसे भारी कीमत किसानों, मजदूरों, मध्यम वर्ग, नौकरीपेशा और गरीब परिवारों को चुकानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि बेतहाशा बढ़ती महंगाई ने आम आदमी के घर का बजट पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया है, जिससे दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी एक कठिन चुनौती बन चुका है।
अजय राय ने रोजमर्रा के खान-पान की चीजों का जिक्र करते हुए कहा कि दाल, चावल, एडिबल ऑयल, हरी सब्जियों और दूध जैसी अनिवार्य वस्तुओं की दरें लगातार आसमान छू रही हैं। इससे गृहणियों के लिए घर चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा सरकार आज आम जनमानस को राहत देने के बजाय ऐसी नीतियां बना रही है, जिनका प्रत्यक्ष लाभ गरीब या मध्यम वर्ग को मिलने के बजाय सिर्फ बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों की जेब में जा रहा है।
प्याज, लहसुन और ईंधन की कीमतों से बढ़ा बोझ
खाद्य पदार्थों के आंकड़ों पर बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्याज के दाम तीन गुना बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो के पार जा चुके हैं, जबकि लहसुन, अदरक और अन्य रसोई सामान पिछले दो महीनों में दो से तीन गुना तक महंगे हो चुके हैं। उन्होंने आगे जोड़ा कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई दरों का असर केवल गाड़ियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे ट्रांसपोर्टेशन और लॉजिस्टिक्स का खर्च बढ़ जाता है, जिसका अंतिम आर्थिक बोझ साधारण उपभोक्ता की जेब पर ही पड़ता है।
शहीद सूबेदार को दी श्रद्धांजलि
अजय राय ने बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि एक तरफ देश-प्रदेश का युवा रोजगार के लिए तरस रहा है, वहीं दूसरी ओर महंगाई उसकी खरीद क्षमता (पर्चेजिंग पावर) को खत्म कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुनियादी समस्याओं को सुलझाने के बजाय सरकार इवेंट मैनेजमेंट के जरिए ध्यान भटका रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। इस राजनीतिक बयानबाजी से पहले, अजय राय सुलतानपुर के बसंतपुर गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने छत्तीसगढ़ के रायपुर में शहीद हुए एसएसबी सूबेदार आनंद प्रकाश तिवारी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
Also Read: चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से मिली 2 हफ्ते की मोहलत

