लखीमपुर में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए जिला समन्वय मंच का हुआ आयोजन
Lakhimpur Kheri News: मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्यमिता समन्वय मंच का आयोजन डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स एवं रिन्यूफाई संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी उद्यम स्थापित कर चुकी तथा उद्यम शुरू करने की इच्छुक महिलाओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान “एक मंच, अनेक अवसर” अभियान के तहत महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता विकास एवं आर्थिक सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विशेषज्ञों ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों, वित्तीय सहायता, बैंक ऋण सुविधाओं तथा व्यवसाय विस्तार के अवसरों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डी सी एन आर एल एम जितेन्द्र कुमार मिश्रा ने कहा कि महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर न केवल अपनी आय में वृद्धि कर सकती हैं, बल्कि परिवार और समाज के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसरों का सृजन करना रहा।कार्यक्रम में महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने, उपलब्ध संसाधनों का लाभ उठाने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में डीसी एन आर एल एम जितेन्द्र कुमार मिश्रा, एलडीएम अशोक कुमार गुप्ता, डीएमएम वरूण गुप्ता,डी ए. संस्था से उमेश पाल, प्रखर मिश्रा, रिन्यूइफ से प्रवीण कुमार दुबे सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी व समूह की उद्यमी महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के साथ साथ उद्यमी कैंप भी लगाया गया जिसमे 10-15 महिलाओं ने उद्यमी युवा लोन के लिए आवेदन किया।
Also Read: लखीमपुर खीरी: CDO अभिषेक कुमार के विदाई समारोह में उमड़ी भीड़, अफसरों ने दी विदाई

