लखीमपुर खीरी: CDO अभिषेक कुमार के विदाई समारोह में उमड़ी भीड़, अफसरों ने दी विदाई

Lakhimpur Kheri News: शासन ने रविवार की देर रात मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार का जनपद लखीमपुर खीरी से स्थानांतरण कर उन्हें आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, उत्तर प्रदेश शासन में विशेष सचिव के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी है। जनपद में अपने लगभग दो वर्ष दो माह के कार्यकाल के दौरान उन्होंने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नवाचारों और बेहतर प्रशासनिक समन्वय के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी कार्यशैली और सकारात्मक सोच के कारण जिले में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली तथा कई योजनाओं के क्रियान्वयन में जनपद ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।

इसी क्रम में मंगलवार को देर शाम विकास भवन सभागार में स्थानांतरित सीडीओ अभिषेक कुमार का भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। सभागार पूरी तरह भरा रहा और कार्यक्रम के दौरान कई अधिकारी भावुक नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा सीडीओ अभिषेक कुमार को पुष्पमाला पहनाकर और उनका अभिनंदन कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पहुंचे जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने अपने संबोधन में सीडीओ अभिषेक कुमार के कार्यों के निष्पादन की कुशल कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सीडीओ के नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को गति मिली और जनपद ने विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई।

इसी क्रम में डीसी एनआरएलएम जितेन्द्र कुमार मिश्रा, पीडी सतीश कुमार पांडेय, डीडीओ गजेन्द्र प्रताप सिंह, डीसी जीरामजी अमित सिंह परिहार, बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी तथा एई लघु सिंचाई श्याम सुंदर यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीडीओ के कुशल नेतृत्व, सरल स्वभाव, प्रशासनिक दक्षता और व्यावहारिक कार्यप्रणाली की मुक्त कंठ से सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने हमेशा अधिकारियों और कर्मचारियों को साथ लेकर कार्य किया तथा विकास योजनाओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

वहीं सीडीओ अभिषेक कुमार ने अपने संबोधन में जनपद में बिताए गए दो वर्ष दो माह के कार्यकाल को यादगार बताते हुए इस अवधि में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनपद के अधिकारियों और कर्मचारियों की मजबूत टीम के सहयोग से मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों और शासन की प्राथमिकताओं को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया। उन्होंने कहा कि टीमवर्क की बदौलत कई ऐसे कार्य संपन्न हुए जिनकी पूरे प्रदेश में सराहना हुई।

सीडीओ ने अपने संबोधन में 1000 तालाबों के निर्माण, खेल मैदानों के विकास तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनपद खीरी के अधिकारियों की टीम बेहद सक्षम और समर्पित है, जिसके कारण जनपद को अनेक विशेष उपलब्धियां प्राप्त हुईं। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों की टीम की भी सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्यों को गति देने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सीडीओ अभिषेक कुमार को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान सीवीओ डॉ. दिनेश कुमार सचान, डीपीओ भारत प्रसाद, डीडी कृषि गिरीश चंद्र, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अभय कुमार सागर, जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह, एलडीएम अशोक गुप्ता,जनजाति अधिकारी कृष्ण पाल, एई संतोष कुमार वर्मा, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित विकास भवन के तमाम अधिकारी, कर्मचारी एवं पत्रकार बंधु मौजूद रहे।

Also Read: बिजनौर में पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी, हत्या या सुसाइड की गुत्थी में उलझी पुलिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.