पाकिस्तान से संचालित ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ पर शिकंजा, UAPA के तहत आतंकी संगठन घोषित
Shahzad Bhatti Network: केंद्र सरकार ने पाकिस्तान से संचालित बताए जा रहे ‘शाहजाद भट्टी नेटवर्क’ के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। गृह मंत्रालय ने बुधवार, 16 सितंबर को इस नेटवर्क को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया। मंत्रालय के अनुसार, यह नेटवर्क सीमा पार से हथियार, विस्फोटक और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था।
युवाओं को आतंकी गतिविधियों में जोड़ने का आरोप
गृह मंत्रालय ने बताया कि शाहजाद भट्टी नेटवर्क का निशाना भोले-भाले युवा और स्थानीय अपराधी थे। आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए इन लोगों को आतंकवादी गतिविधियों से जोड़ा जाता था। नेटवर्क इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल भर्ती और भड़काऊ संदेश फैलाने के लिए करता था।
मंत्रालय के मुताबिक, यह संगठन देश की आंतरिक सुरक्षा, लोकतांत्रिक व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए खतरा पैदा कर रहा था। इसके जरिए हिंसा और जासूसी का नेटवर्क फैलाने की भी बात कही गई है।
अमित शाह के कार्यालय ने दी जानकारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है। पोस्ट में दावा किया गया कि नेटवर्क नफरत फैलाने वाला डिजिटल कंटेंट भी प्रकाशित करता था।
14 राज्यों में हुई थी कार्रवाई
गृह मंत्रालय के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने इस नेटवर्क के खिलाफ 14 राज्यों में एक साथ कार्रवाई की थी। इस दौरान 200 से ज्यादा संदिग्ध गुर्गों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई थी। अब UAPA के तहत प्रतिबंध लगाए जाने के बाद नेटवर्क से जुड़े लोगों और उसकी गतिविधियों पर जांच व कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

