यूपी में बुजुर्गों और दिव्यांगों की पेंशन बढ़ेगी, CM योगी ने नौकरी पर भी दिया बड़ा अपडेट
CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुजुर्गों, बेसहारा महिलाओं और दिव्यांगों के लिए पेंशन की राशि बढ़ाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का दायरा भी बढ़ाया जाएगा, ताकि ज्यादा जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने बुधवार को गोरखपुर के जंगल नकहा में कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। इसी कार्यक्रम में उन्होंने सरकार की योजनाओं और रोजगार को लेकर कई घोषणाएं कीं।
19 सितंबर से पुलिस और होमगार्ड भर्ती
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में एक लाख युवाओं को नौकरी दी जा रही है। 19 सितंबर से 77 हजार पुलिस और होमगार्ड पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। उनके मुताबिक, अब तक 9.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। हजारों शिक्षकों की भर्ती के आवेदन भी बुधवार को अखबारों में प्रकाशित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशन की बढ़ी राशि कैबिनेट की मंजूरी के बाद लागू की जाएगी। उन्होंने रोजगार प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए पिछली सपा सरकार पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि पहले नौकरी निकलते ही ‘सैफई सिंडिकेट’ वसूली के लिए सक्रिय हो जाता था।
गोरखपुर के विकास का किया दावा
योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा सरकारों में गोरखपुर उपेक्षित रहा। इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले मंत्री बीआरडी मेडिकल कॉलेज तक नहीं आते थे। आज गोरखपुर में एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, फोरलेन, फ्लाईओवर, स्पोर्ट्स कॉलेज और रामगढ़ताल जैसी सुविधाएं हैं।
उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में 500 से अधिक उद्योग चल रहे हैं और करीब 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने समाज को जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटने वालों से सावधान रहने की अपील भी की।
Also Read: लखनऊ में सिपाही पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, गर्भपात का भी बनाया दबाव

