लखनऊ में सिपाही पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, गर्भपात का भी बनाया दबाव
Lucknow News: लखनऊ में डायल-112 में तैनात एक सिपाही पर महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि गर्भवती होने के बाद सिपाही ने शादी से इनकार कर दिया और गर्भपात कराने का दबाव बनाया। महिला ने पुलिस अधिकारियों पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने और समझौते के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फेसबुक से शुरू हुई बातचीत, साथ रहने लगे
महिला के मुताबिक, जून 2025 में फेसबुक के जरिए उसकी बातचीत सिपाही से शुरू हुई थी। जुलाई 2025 में सिपाही ने उसे मुरादाबाद के प्रेम चुनरिया होटल में मिलने बुलाया, जहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इसके बाद सिपाही उसे उसके गांव से लखनऊ ले आया। दोनों बीकेटी में किराए के कमरे में रहने लगे।
महिला ने आरोप लगाया कि सिपाही ने मकान दिलाने के नाम पर उससे 15 लाख रुपये लिए। गर्भवती होने के बाद विवाद बढ़ा और सिपाही ने रुपये लौटाने से भी इनकार कर दिया।
थाने में शिकायत, समझौते का आरोप
महिला ने बताया कि 1 सितंबर को उसने बीकेटी थाने में शिकायत की, लेकिन थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह पर प्रार्थना पत्र नहीं लेने का आरोप लगाया। इसके बाद 11 सितंबर को महिला थाने में शिकायत दी। महिला थाना प्रभारी मेनका सिंह पर भी सिपाही से रकम लेकर मामला खत्म करने और गर्भपात कराने की सलाह देने का आरोप लगाया गया है।
महिला मंगलवार दोपहर फिर महिला थाने पहुंची। उसका आरोप है कि वहां भी समझौते का दबाव बनाया गया। उसने निष्पक्ष जांच और सिपाही पर कार्रवाई की मांग की है।
फोटो वायरल, पुलिस कर रही जांच
सिपाही के साथ महिला की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं। पुलिस इनकी तारीख और स्थान की पुष्टि कर रही है। बीकेटी इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला से तहरीर लेकर जांच की जा रही है। लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

