CM Yogi का ऐलान, 6 महीने में 1 लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी, चुनाव से पहले भर्ती का लक्ष्य
Gorakhpur News: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने करीब 40 करोड़ रुपये की 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान भव्य कल्याण मंडपम् का भी उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम में सीएम योगी ने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सरकार विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बिना किसी भेदभाव के रोजगार मिलना चाहिए। बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी (TGT-PGT) शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी हो चुके हैं और आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
छह महीने में एक लाख नौकरियों का लक्ष्य
CM Yogi ने कहा कि अगले छह महीने के भीतर, विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले, प्रदेश के एक लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सरकारी नौकरियों के विज्ञापन निकलने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया में सौदेबाजी और वसूली का बोलबाला था, जिससे योग्य युवाओं को नौकरी नहीं मिल पाती थी।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में विवाद और अदालतों की ओर से लगने वाले स्टे के कारण युवाओं का समय और भविष्य प्रभावित होता था। सीएम ने यह भी आरोप लगाया कि उस दौर की कानून-व्यवस्था खराब होने से विकास कार्य प्रभावित हुए और तत्कालीन सरकार के पास विकास को लेकर स्पष्ट विजन नहीं था।
रामगढ़ ताल और कानून व्यवस्था का जिक्र
गोरखपुर के विकास और रामगढ़ ताल का जिक्र करते हुए CM Yogi ने कहा कि पहले यहां गंदगी और अपराध का माहौल था और डर की वजह से लोग जाने से बचते थे। उन्होंने इसके लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकारों की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।
कानून व्यवस्था पर CM Yogi ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब कर्फ्यू और दंगों से मुक्त है और कानून का राज कायम है। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और अब कोई अपराधी खुलेआम धमकी देने, अपहरण करने या व्यापारियों से फिरौती मांगने का दुस्साहस नहीं कर सकता। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर व्यक्ति को सुरक्षित माहौल देना है।
Also Read: यूपी में बुजुर्गों और दिव्यांगों की पेंशन बढ़ेगी, CM योगी ने नौकरी पर भी दिया बड़ा अपडेट

